नूंह | काम के बदले रिश्वत लेने का आरोप : मांड़ीखेड़ा अस्पताल के लेखा सहायक पर स्टाफ नर्स ने लगाए गंभीर आरोप
नूंह

नूंह | जिले के अल आफिया अस्पताल मांड़ीखेड़ा एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। इस बार अस्पताल की एक स्टाफ नर्स ने मेंटल हेल्थ प्रोग्राम में कार्यरत लेखा सहायक अब्दुल गफ्फार पर काम के बदले पैसे लेने, अभद्र व्यवहार करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत सिविल सर्जन को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, जब भी वह किसी प्रशासनिक कार्य के लिए लेखा सहायक के पास जाती थी, तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था और हर काम के बदले पैसों की मांग की जाती थी। स्टाफ नर्स का आरोप है कि वेतन का एरियर जारी कराने के लिए हाल ही में उसने आरोपी को ऑनलाइन 1,000 रुपये भेजे। इसके अलावा 27 अप्रैल 2025 को 500 रुपये, 1 नवंबर 2025 को 1,000 रुपये, 29 जनवरी 2026 को 500 रुपये तथा 1 अप्रैल 2026 को 1,000 रुपये फोन-पे के माध्यम से दिए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार मानसिक दबाव बनाता था और काम करवाने के लिए पैसे मांगता था।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब अस्पताल के करीब आधा दर्जन कर्मचारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर दावा किया कि उनसे भी कई बार काम के बदले पैसे लिए गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि आरोपी के बैंक खाते और ऑनलाइन लेन-देन की जांच कराई जाए तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन नितिन दूबे ने कहा कि जिला अस्पताल से भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार मिल रही हैं और इस पूरे मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा रहा है ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।
उधर, शिकायत शाखा के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. आशीष सिंगला ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



