नूंह मेवात | पीएम मोदी के जींद कार्यक्रम का नूंह में होगा सीधा प्रसारण | मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में होगा आयोजन | सुबह 10 बजे से सुनेंगे संबोधन

नूंह, 16 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नूंह जिले में भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शहीद हसन खां मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ के सभागार में शुक्रवार सुबह 10 बजे से होगा।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही वे करीब 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इस कार्यक्रम को देश के बुनियादी ढांचे और रेलवे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नूंह में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ जनप्रतिनिधि, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और जिले के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे तथा प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम के सफल, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के दौरान देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत के साथ-साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा, जिसे हरियाणा सहित पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



