Rewari News | भटसाना ब्लाइंड मर्डर का खुलासा : एक आरोपी गिरफ्तार | अन्य की तलाश जारी

धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भटसाना में डेयरी फार्म से युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी के शक में युवक के साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को डेयरी फार्म परिसर में मिट्टी में दबा दिया गया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
डीसीपी हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 सितंबर को गांव भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में मृतक की पहचान राजस्थान के तिजारा क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय निसार के रूप में हुई। निसार 5 सितंबर को मजदूरी के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। जांच के बाद पुलिस ने योगेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी के अनुसार जांच और आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि 5 और 6 सितंबर की रात निसार को चोरी के शक में पकड़ा गया था। पुलिस के मुताबिक उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को डेयरी फार्म परिसर में मिट्टी में दबा दिया।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
Editor: शिवानी राजपूत



