Rewari News | 6 सितंबर को होगी हाफ मैराथन : मुख्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी | 70 हजार से ज्यादा पंजीकरण

हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत पीतल नगरी रेवाड़ी में रविवार, 6 सितंबर को राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे और धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन के लिए अब तक 70 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।
राज्य स्तरीय हाफ मैराथन की तैयारियों को लेकर डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। हरियाणा आउटरीच कार्यक्रम के विशेष अधिकारी पंकज नैन ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा और संबंधित अधिकारियों को मैराथन के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हाफ मैराथन में धावकों को हरी झंडी दिखाने के साथ विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने के मद्देनजर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियां पूरी करें।
डीसी ने अधिकारियों को हाफ मैराथन के निर्धारित रूट पर साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके साथ रोड मार्किंग और विभिन्न चौकों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रूट पर ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे दौड़ के दौरान प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डीसी अभिषेक मीणा के अनुसार रेवाड़ी मैराथन के लिए 70 हजार से अधिक प्रतिभागी अपना पंजीकरण करा चुके हैं और ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया अभी जारी है। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराने का आह्वान किया है।
हाफ मैराथन के आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मैराथन के नोडल अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी ने आयोजन के रूट का जायजा लिया। इसके साथ बाल भवन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए कलाकारों की प्रस्तुतियों का भी अवलोकन किया गया।
एडीसी राहुल मोदी ने बताया कि राज्य स्तरीय हाफ मैराथन के दौरान सांस्कृतिक मंच सजाया जाएगा। इसमें प्रदेश के विख्यात कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुतियां देंगे। कलाकार हरियाणवी गीतों और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे तथा हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के उद्देश्यों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे।
बैठक में डीएमसी प्रदीप अहलावत, एसडीएम रेवाड़ी दलबीर सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार और डीएसपी पवन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारियां पूरी करते हुए आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।



