तीन गाड़ियों की भिड़ंत : NH-48 पर बड़ा हादसा | दंपती समेत मासूम घायल | सभी खतरे से बाहर
बावल क्षेत्र के दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर गांव आसलवास के पास तीन गाड़ियों की टक्कर से एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। हादसे में जलालपुर निवासी रविंद्र कुमार, उनकी पत्नी प्रियंका और उनका डेढ़ वर्षीय बेटा निशांत घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा कसौला थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब दिल्ली की ओर जा रही एक वैगनआर कार अचानक रुक गई या असंतुलित हो गई। उसके पीछे चल रही बलेनो कार और उसके पीछे आ रही एक्सयूवी (XUV) भी एक के बाद एक टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।
रोड पर एक्सीडेंट गाड़ियां
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सुठाना स्थित निजी जगदीश हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक जांच के बाद सभी को छुट्टी दे दी। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
सूचना मिलते ही कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




