यमुनानगर | गुरु नानक खालसा कॉलेज के एनसीसी कैडेट उदय सिंह बने अग्निवीर : भारतीय सेना में जनरल ड्यूटी के लिए चयन
गुरु नानक खालसा कॉलेज के एन सी सी कैडेट उदय सिंह भारतीय सेना में अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) के लिए चुने गए हैं।

यमुनानगर। गुरु नानक खालसा कॉलेज एवं 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के लिए गर्व का क्षण है। कॉलेज के एनसीसी कैडेट एवं बीसीए के विद्यार्थी उदय सिंह का भारतीय सेना में अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) के पद पर चयन हुआ है। उदय सिंह, श्री संजय सिंह के पुत्र हैं और चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उन्हें आर्मी मेडिकल कोर सेंटर, लखनऊ में रिपोर्ट करने के निर्देश मिले हैं।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार उदय सिंह की यह उपलब्धि उनके समर्पण, अनुशासन और एनसीसी के माध्यम से प्राप्त प्रशिक्षण का परिणाम है। उनकी सफलता ने कॉलेज और एनसीसी इकाई का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल पंकज पारीक तथा प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल कुमुद मैनी ने उदय सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उदय सिंह के माता-पिता, विशेषकर उनके पिता संजय सिंह को भी इस उपलब्धि पर बधाई दी।
अधिकारियों ने डॉ. (लेफ्टिनेंट) जोशप्रीत सिंह के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मेहनत ने कैडेट को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंदर सिंह भल्ला और प्रबंधन समिति के प्रधान सरदार रणदीप सिंह जौहर ने भी उदय सिंह और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा अधिक से अधिक युवा देश सेवा के लिए आगे आएंगे।
कॉलेज प्रबंधन और एनसीसी अधिकारियों ने विश्वास जताया कि उदय सिंह भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं का पालन करते हुए देश की निष्ठापूर्वक सेवा करेंगे और संस्था का नाम रोशन करेंगे।



