कनीना। अटेली विधानसभा को 20 करोड़ की विकास सौगात : आरती सिंह राव ने किया उद्घाटन-शिलान्यास | कनीना में जल्द शुरू होगी डायलिसिस
आरती सिंह राव ने अटेली विधानसभा में 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया, जिसमें स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी शामिल है।

कनीना। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री ने अटेली विधानसभा क्षेत्र के धन्यवादी दौरे के दौरान विभिन्न गांवों का दौरा कर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कनीना बस स्टैंड, उन्हाणी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर तथा नहर पुल का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समान विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अटेली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। 
करीरा गांव में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
करीरा गांव में स्वास्थ्य मंत्री ने वीर सैनिक पार्क, राजा राव तुलाराम जिम तथा एससी चौपाल के नवीनीकरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, बीपीएल कॉलोनी के रास्तों तथा बीसी चौपाल का उद्घाटन भी किया गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री किसान खेत-खलिहान सड़क योजना के तहत करीरा से गोठड़ा काकड़ संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया तथा घोषणा की कि कनीना सामान्य अस्पताल में शीघ्र ही डायलिसिस की सुविधा शुरू कराई जाएगी। 
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से करीरा-गोठड़ा तथा करीरा-लिसान संपर्क सड़कों के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। वहीं लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) द्वारा मुख्य सड़क से जवाहर नवोदय विद्यालय तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, गांव से श्मशान घाट तक सड़क निर्माण तथा एससी चौपाल से स्कूल तक सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य भी किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मार्केट कमेटी कनीना की ओर से पीड़ित किसान परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। गांव ईसराना के मोहित को ₹37,500, गांव खैराना की सरजीत कुमारी को उनके पति हरि सिंह की मृत्यु के उपरांत ₹5 लाख तथा गांव ईसराना के उदय सिंह को खेत में कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल होने पर ₹1.25 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। 
कनीना बस स्टैंड बनेगा आधुनिक और दो मंजिला
स्वास्थ्य मंत्री ने कनीना बस स्टैंड के निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि बस स्टैंड की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और 20 जुलाई तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला होगा, जिसमें महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षा कक्ष एवं शौचालय, ड्राइवरों के लिए विश्राम कक्ष, आधुनिक कार्यालय, विशाल वेटिंग हॉल, हरित क्षेत्र एवं सौंदर्यीकरण की विशेष व्यवस्था होगी। बस स्टैंड परिसर भविष्य में क्षेत्र की पहचान बनेगा।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड निर्माण के दौरान प्रभावित दुकानदारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार ने हरसंभव प्रयास किए हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय के अनुरूप की जाएगी।
गुढ़ा गांव में भी विकास कार्यों की सौगात
गुढ़ा गांव में एचआरडीएफ योजना के तहत फिरनी निर्माण, डी-प्लान योजना के तहत कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन, उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास तथा एफएफसी योजना के तहत एससी बस्ती में रास्तों एवं शिविर लाइन निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।
इसके अतिरिक्त गुढ़ा-मोहनपुर सड़क, गुढ़ा-कोका मार्केटिंग रोड, गुढ़ा-नांगल हरनाथ रोड, गुढ़ा-चेलावास सड़क की मरम्मत, उप स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
कैमला गांव में भी विकास कार्यों का लोकार्पण
कैमला गांव में बीसी चौपाल का पुनर्निर्माण, मिडिल स्कूल में प्रार्थना ग्राउंड, उन्हाणी रोड से धनौंदा रोड तक सड़क निर्माण, शिवधाम में टीनशेड, पार्क का नवीनीकरण, जीआई पाइपलाइन बिछाने, पानी के बोर, नालियों पर क्रॉसिंग जाल, आंगनवाड़ी भवन की मरम्मत, नई पानी की टंकी तथा विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं निरीक्षण किया गया।
प्रधानमंत्री 17 जुलाई को देंगे हरियाणा को नई सौगातें
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। इनमें कोरियावास और भिवानी के मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन तथा एशिया की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन का शुभारंभ शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में दक्षिण हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं तथा सरकार जनता की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि नारनौल सामान्य अस्पताल की पुरानी इमारत में रिपेयरिंग का काम चल रहा है टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है एजेन्सीयों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया है उनका तकनीकी जाँच चल रही है। नई इमारत का निर्माण शीघ्र शुरू होगी। तब तक अस्पताल में जलभराव एवं लीकेज जैसी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मरम्मत कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता अश्वनी कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेन्द्र राव, हरियाणा रोडवेज के जीएम देव दत्त, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार पायल, भाजपा नेता धीरज यादव, पूर्व अध्यक्ष दयाराम यादव, पंचायत समिति चेयरमैन जयप्रकाश, मार्केट कमेटी चेयरमैन जे.पी. कोटिया, करीरा की सरपंच सपना यादव, गुढ़ा के सरपंच बीरेंद्र दीक्षित, कैमला की सरपंच डिम्पल जांगड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



