नारनौल | एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने किया एसआईआर कार्य का निरीक्षण : मतदाता सूची अपडेट करने के दिए निर्देश | 14 जुलाई से पहले फॉर्म जमा कराने की अपील
एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने नारनौल में मतदाता सूची के अपडेट के लिए अधिकारियों का निरीक्षण किया। नागरिकों से फॉर्म समय पर जमा करने की अपील की है।

नारनौल। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से प्रशासन लगातार जमीनी स्तर पर अभियान चला रहा है। इसी क्रम में एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अनिरुद्ध यादव ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त होने वाले सभी प्रपत्रों का समय पर डिजिटलाइजेशन कर संबंधित पोर्टल पर तुरंत अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप समय पर प्रक्रिया पूरी हो सके।
एसडीएम ने नागरिकों से भी अपील की कि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रपत्रों को सही एवं पूर्ण रूप से भरकर 14 जुलाई से पहले संबंधित बीएलओ के पास अवश्य जमा कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो।



