Ambala News | खेतों में घास लेने जा रहे युवक पर फायरिंग : पैर में लगी गोली | पुरानी रंजिश की आशंका

अंबाला के गांव कलालती में मंगलवार सुबह फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। खेतों में घास लेने जा रहे एक युवक पर कुछ युवकों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। इस घटना में गांव निवासी बलविंदर वालिया के पैर में गोली लगी। घायल बलविंदर को उपचार के लिए अंबाला छावनी सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत पहले से बेहतर है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह बलविंदर वालिया अपने भाई राजू और बालवीर के साथ खेतों में घास लेने जा रहा था। इसी दौरान कार सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने पहले बलविंदर को टक्कर मारी और इसके बाद उस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली बलविंदर के पैर में लगी।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर पहुंचने लगे। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
गांव के सरपंच साहिल वालिया के मुताबिक, फायरिंग की इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब आठ महीने पहले भी बलविंदर के भतीजों का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। उस दौरान भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। ऐसे में ग्रामीण मंगलवार सुबह हुई फायरिंग की घटना को उसी पुराने विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।

वहीं अंबाला छावनी सिविल अस्पताल में डॉक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि युवक के पैर में गोली लगी है और उसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टर के मुताबिक फिलहाल युवक की हालत बेहतर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग की इस घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
Editor: शिवानी राजपूत



