Fatehabad News | माइनर में डूबने से 3 साल के बच्चे की मौत : दादा के पीछे-पीछे गया था मासूम | खाले के पास मिला

गांव खाराखेड़ी में बुधवार सुबह सारंगपुर माइनर में डूबने से तीन वर्षीय इवान बिश्नोई की मौत हो गई। बच्चा अपने दादा के पीछे-पीछे माइनर की तरफ चला गया था, लेकिन दादा को उसके पीछे आने की जानकारी नहीं थी। बाद में परिजनों ने तलाश शुरू की तो बच्चा जलघर की ओर जाने वाले खाले के पास मिला।
जानकारी के अनुसार खाराखेड़ी गांव की ढाणी में रहने वाले महेंद्र बिश्नोई किसी काम से बाहर गए थे। ढाणी के पास से गुजर रही सारंगपुर माइनर की तरफ जाते समय उनका तीन वर्षीय पोता इवान भी उनके पीछे चल पड़ा। महेंद्र को इसका पता नहीं चला और कुछ समय बाद वह वापस घर लौट आए।
घर पहुंचने पर परिजनों को इवान दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि बच्चे को अपने दादा के पीछे माइनर की तरफ जाते देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने माइनर और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू की।
परिजन माइनर के बहाव की दिशा में तलाश करते हुए आगे बढ़े। कुछ दूरी पर जलघर की ओर जाने वाले खाले के पास इवान बेसुध अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन वर्षीय इवान की मौत के बाद परिवार में मातम है। गांव खाराखेड़ी और आसपास के क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
Editor: शिवानी राजपूत



