Yamunanagar News | सोमवार-वीरवार को लगेंगे समाधान शिविर : एक जगह सुनी जाएंगी समस्याएं | SDM ने लाभ उठाने की अपील की

एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में आमजन की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनके समयबद्ध समाधान के लिए कार्रवाई की जाती है।
एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी और निर्धारित समय में निपटारा करना है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पुलिस विभाग, पंचायती राज संस्थाओं और अन्य सरकारी विभागों से संबंधित समस्याएं रखी जा सकती हैं। विभिन्न विभागों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहकर शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हैं।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह के अनुसार जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव होता है, उनका तत्काल निवारण करने का प्रयास किया जाता है। जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया या जांच की आवश्यकता होती है, उनमें निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविर की व्यवस्था की गई है। इससे नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रख सकते हैं।
एसडीएम ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार को आयोजित होने वाले समाधान शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
Editor: शिवानी राजपूत



