Yamunanagar News | SDM ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण : कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ाया | नशे से दूर रहने का दिया संदेश

एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों विद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, करियर और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, स्वच्छ परिसर और अनुशासित माहौल की सराहना की। इसके बाद उन्होंने आर्ट्स और साइंस स्ट्रीम की कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की।

एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ाया और विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने भी उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से भविष्य के लक्ष्य और करियर को लेकर चर्चा की। विद्यार्थियों ने प्रशासनिक सेवा, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज सेवा करने की इच्छा जताई।
एसडीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा सफलता हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नियमित अध्ययन, लक्ष्य के प्रति एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर मेहनत से विद्यार्थी अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री जैसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर विद्यार्थी अपने अभिभावकों, शिक्षकों या प्रशासन को सूचित करें। इसके साथ ही विद्यालयों में प्रहरी क्लब को मजबूत करने पर जोर दिया।
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर में एसडीएम ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, स्मार्ट कक्षाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और स्कूल की सुविधाओं को लेकर भी बातचीत की गई।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास करने को कहा।
Editor: शिवानी राजपूत



