Kurukshetra News | पिहोवा में किसानों की महापंचायत शुरू : 15 सितंबर से धान खरीद की मांग | आंदोलन की रणनीति पर मंथन
पिहोवा में किसानों की बड़ी महापंचायत शुरू हो गई है। प्रदेशभर से किसान प्रतिनिधियों के साथ करीब 10 किसान संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए हैं। महापंचायत में धान की सरकारी खरीद, फसल में नमी की सीमा, गन्ने और दूध के रेट सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
महापंचायत में सबसे प्रमुख मुद्दा धान की सरकारी खरीद का है। किसान संगठनों की मांग है कि सरकार 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू करे। इसके साथ ही खरीद के दौरान धान में निर्धारित नमी की सीमा में किसानों को राहत देने की मांग भी उठाई जा रही है।

किसान संगठनों ने पिछले सप्ताह अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था। संगठनों ने चेतावनी दी थी कि यदि 15 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई तो किसान जीटी रोड और डीसी कार्यालयों के बाहर धान डालकर प्रदर्शन करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के प्रधान संजू नंबरदार ने कहा कि महापंचायत में किसानों से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। उनके मुताबिक इस समय धान की सरकारी खरीद की तारीख और नमी की सीमा किसानों के प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं।

महापंचायत में गन्ने के भाव का मुद्दा भी उठाया जा रहा है। किसान संगठनों का कहना है कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी का लाभ गन्ना उत्पादक किसानों को भी मिलना चाहिए। इसके लिए गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग सरकार के सामने रखी जाएगी।
इसके अलावा दूध के रेट और सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग पर भी चर्चा की जा रही है। किसान संगठनों का कहना है कि सभी मांगों पर विचार-विमर्श के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



