Kurukshetra News | धमकी और हवाई फायरिंग मामले में 3 गिरफ्तार : एक देसी कट्टा बरामद | अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच

कुरुक्षेत्र। शाहाबाद क्षेत्र के गांव शरीफगढ़ में हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और हवाई फायरिंग के आरोप में अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद सिंह निवासी शरीफगढ़, गुरविन्द्र सिंह उर्फ गोलू निवासी खेड़ी शरफली जिला करनाल हाल अंबाला कैंट और नवजीत सिंह उर्फ अमित उर्फ बाबू निवासी शरीफगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार के अनुसार शरीफगढ़ निवासी राजन ने थाना शाहाबाद में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो साल पहले गांव में हुए एक विवाद में उसका भाई सविन्द्र सिंह घायल व्यक्ति को अस्पताल लेकर गया था और बाद में मामले में गवाह बना था। यह मामला अदालत में विचाराधीन है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद अगले दिन कुछ युवक उसके घर के बाहर पहुंचे और परिवार को धमकाया। इसी दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित होने लगे, जिसके बाद युवक मौके से चले गए।
मामले की जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 को सौंपी गई थी। प्रभारी निरीक्षक प्रतीक कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चांद सिंह, गुरविन्द्र सिंह उर्फ गोलू और नवजीत सिंह उर्फ अमित उर्फ बाबू को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी चांद सिंह के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



