पंचकूला | अमृत भारत योजना के तहत कालका रेलवे स्टेशन का उद्घाटन आज : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल लोकार्पण | यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पंचकूला। कालका रेलवे स्टेशन शुक्रवार को ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के जालंधर से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, जिनमें हरियाणा का कालका रेलवे स्टेशन भी शामिल है।

इस अवसर पर कालका रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए कालका पहुंचे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और रेलवे विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेशन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

अमृत स्टेशन योजना के तहत कालका रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक यात्री सुविधाएं, बेहतर प्रतीक्षालय, उन्नत प्रवेश द्वार, सुगम आवागमन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल उद्घाटन के साथ कालका रेलवे स्टेशन देश के आधुनिक अमृत भारत रेलवे स्टेशनों की सूची में शामिल हो जाएगा।



