यमुनानगर | अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, सरकार को मिला 2.55 करोड़ रुपये का राजस्व : 62 वाहन किए सीज, उपायुक्त ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

यमुनानगर। उपायुक्त प्रीति ने जिला सचिवालय सभागार में अवैध खनन की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी एसडीएम, खनन विभाग, पुलिस, डीडीपीओ, आरटीओ और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखने और नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला खनन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जिले में वैध खनन गतिविधियों से सरकार को लगभग 2 करोड़ 55 लाख 25 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं अवैध खनन में संलिप्त 62 वाहनों को सीज कर कार्रवाई की गई है।
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन में पकड़े गए वाहनों के चालान कर उन्हें जब्त किया जाए तथा वाहन मालिकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने फर्जी ई-रवाना की गहन जांच करने, अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और वाहनों के सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, पुलिस बल तैनात करने और मोबाइल टीमों की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी को भी पंचायती भूमि पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और सरपंचों को सतर्क करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सिंचाई विभाग को नदी तल क्षेत्रों में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा प्रदूषण नियंत्रण और सेल्स टैक्स विभाग को बंद पड़े स्टोन क्रशर और स्क्रीन प्लांटों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, एसडीएम विश्वनाथ, डॉ. कुलदीप सिंह, जसपाल सिंह गिल, नरेंद्र कुमार, डीएसपी रजत गुलिया, जिला खनन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, डीडीपीओ नरेंद्र कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।



