यमुनानगर | पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर से मिले मुख्यमंत्री के नवनियुक्त ओएसडी भोपाल सिंह खदरी : जगाधरी निवास पर हुई शिष्टाचार भेंट | विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

यमुनानगर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नवनियुक्त ओएसडी भोपाल सिंह खदरी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर के जगाधरी स्थित निवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री के ओएसडी का कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी कंवरपाल गुर्जर से पहली औपचारिक मुलाकात रही।
जगाधरी स्थित आवास पर पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने भोपाल सिंह खदरी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र के विकास कार्यों, जनहित की योजनाओं और संगठन से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि भोपाल सिंह खदरी के पास प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र का लंबा अनुभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के ओएसडी के रूप में उनकी नियुक्ति से सरकार के कार्यों में और तेजी आएगी तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
वहीं, मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी ने स्वागत के लिए पूर्व मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी।
इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुकुल चौधरी और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



