निजामपुर | वायुसेना के जवान भरत राज भारद्वाज का पार्थिव शरीर ब्राह्मणवास के लिए रवाना : निधन के कारणों पर बना सस्पेंस | अधिकारियों के बयान का इंतजार

निजामपुर। क्षेत्र के ब्राह्मणवास गांव के लिए शुक्रवार का दिन बेहद दुखद रहा। भारतीय वायुसेना में कार्यरत जवान भरत राज भारद्वाज, जिनकी तैनाती गुजरात के नलिया (भुज) एयरफोर्स स्टेशन पर थी, का पार्थिव शरीर ब्राह्मणवास गांव के लिए रवाना कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक पार्थिव शरीर गांव नहीं पहुंचा था और रास्ते में था।
परिजनों के अनुसार जवान के निधन के कारणों की अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। भरत राज के भाई ने बताया कि पार्थिव शरीर के साथ आने वाले भारतीय वायुसेना के अधिकारी ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी देंगे। ऐसे में परिवार और ग्रामीण अधिकारियों के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
भरत राज भारद्वाज ने करीब सात वर्ष तक भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दीं। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई भी भारतीय वायुसेना में सेवाएं दे चुके हैं और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं। परिवार की देश सेवा की यह परंपरा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय रही है।
जवान के निधन की सूचना मिलते ही ब्राह्मणवास गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक उनके अंतिम दर्शन के लिए गांव में जुटने लगे हैं। भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के गांव पहुंचने के बाद जवान के निधन के कारणों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।




