Yamunanagar News | ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में सरकार पर बरसे नेता : कानून व्यवस्था से लेकर धान खरीद तक उठाए सवाल | जितेंद्र बघेल बोले-कार्यकर्ता बीजेपी का पर्दाफाश करेंगे

यमुनानगर में यमुनानगर ब्लॉक कांग्रेस का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, अंबाला के सांसद वरुण मुलाना, जगाधरी विधायक अकरम खान, जिला शहरी कांग्रेस प्रधान देवेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस ग्रामीण प्रधान नरपाल सिंह, यमुनानगर से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी और प्रदेश कांग्रेस सचिव सतपाल कौशिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने हरियाणा और महाराष्ट्र में कथित वोट चोरी के जरिए सरकार बनाए जाने का आरोप भी लगाया। बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी के अंतर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच रखा जा रहा है और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखेंगे।

अंबाला सांसद वरुण मुलाना ने हरियाणा में रेल कनेक्टिविटी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में बुलेट ट्रेन चलाने की बात करते हैं, जबकि हरियाणा में पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग पर भी सहमति नहीं बन रही। उन्होंने यमुनानगर से चंडीगढ़ वाया नारायणगढ़ ट्रेन चलाने की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि यह मुद्दा वह कई बार उठा चुके हैं। मुलाना के अनुसार उन्हें जवाब दिया जाता है कि यह रूट घाटे का सौदा है और सरकार इसे नहीं चलाएगी।
मुलाना ने कहा कि अपने दो साल के कार्यकाल में वह 70 से अधिक सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने धान खरीद की तैयारियों को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उनके अनुसार हरियाणा में धान की कटाई शुरू हो चुकी है, लेकिन खरीद को लेकर सरकार की पर्याप्त तैयारी नहीं दिखाई दे रही। उन्होंने दावा किया कि राइस मिलर्स के साथ अभी तक एग्रीमेंट नहीं हुआ है और पिछला भुगतान भी लंबित है। उन्होंने यह भी कहा कि नई अनाज मंडियों का निर्माण नहीं किया गया।

अंबाला सांसद ने सरकारी स्कूलों की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों की संख्या कम होती जा रही है, जबकि निजी स्कूल बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्कूलों में व्यवस्थाओं की कमी और शिक्षकों की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया।
जिला शहरी कांग्रेस प्रधान देवेंद्र सिंह और जगाधरी विधायक अकरम खान ने भी प्रदेश की कानून व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान परेशान हैं और उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मंडियों में धान खरीद को लेकर भी सरकार की ओर से अभी तक तारीख घोषित नहीं की गई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार के कथित वादों और दावों को जनता के बीच ले जाएंगे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार के कामकाज को लेकर लोगों से संवाद करने का आह्वान किया गया।
Editor: गरिमा बागोतिया



