Yamunanagar News | स्वच्छता अभियान के लिए तैयार हो रहे स्वच्छता के सिपाही : वालंटियर्स को दिया प्रशिक्षण | जन-जन तक पहुंचाएंगे स्वच्छता का संदेश

स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता वालंटियर्स की टीम तैयार की जा रही है। इस पहल में ‘एक सोच नई सोच’ संस्था की ओर से सहयोग किया जा रहा है। इसी कड़ी में कन्हैया साहिब चौक पर स्वच्छता वालंटियर्स के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसबीएम एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने वालंटियर्स को स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 को लेकर भी वालंटियर्स को जागरूक किया और कहा कि कचरे का उचित प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग करना चाहिए और इसके बाद उसे कचरा संग्रहण व्यवस्था को सौंपना चाहिए। इससे कचरे के उचित निस्तारण और प्रबंधन में मदद मिलती है।
दुर्गेश कुमार ने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। उन्होंने वालंटियर्स से अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और उन्हें कचरे के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर वालंटियर्स को सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सहयोग कर सकते हैं।
‘एक सोच नई सोच’ संस्था के संस्थापक शशि गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बच्चों और वालंटियर्स से स्वयं स्वच्छता को अपनाने के साथ-साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक के दौरान बच्चों और स्वच्छता वालंटियर्स ने स्वच्छ यमुनानगर के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। उन्होंने स्वच्छता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए लोगों को जागरूक करने की बात कही।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी गतिविधि तक सीमित न रखते हुए आमजन को भी इससे जोड़ना है। वालंटियर टीम के माध्यम से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और उचित अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस जागरूकता बैठक के माध्यम से बच्चों और वालंटियर्स को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी समझाने के साथ उन्हें अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि नागरिकों की भागीदारी से स्वच्छ और सुंदर यमुनानगर के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।
Editor: शिवानी राजपूत



