Yamunanagar News | विद्यार्थियों को रोजगार के लिए किया तैयार : चार दिवसीय कार्यशाला संपन्न | पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर फोकस

महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय के कंप्यूटर विभाग और मैनेजमेंट विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बीसीए और बीबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चार दिवसीय पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और करियर रेडिनेस कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यशाला में विद्यार्थियों को भविष्य की रोजगार संबंधी चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विभिन्न व्यावहारिक कौशलों की जानकारी दी गई।
चार दिनों के दौरान विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, समय प्रबंधन, टीम वर्क और समूह चर्चा जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा सेल्फ अवेयरनेस, प्रभावी संवाद और करियर के लिए जरूरी व्यवहारिक कौशलों के बारे में भी बताया गया।

कार्यशाला के विभिन्न सत्रों का संचालन शीतल, रमनप्रीत, मंजू और गरिमा ने किया। विद्यार्थियों को उदाहरणों और गतिविधियों के माध्यम से बताया गया कि पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व और संवाद कौशल को बेहतर बनाना भी करियर के लिए महत्वपूर्ण है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. करुणा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद, समय प्रबंधन और टीम के साथ काम करने की क्षमता का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कार्यशाला को विद्यार्थियों को भविष्य की रोजगार चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में सार्थक पहल बताया।
डॉ. करुणा ने दोनों विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को कार्यशाला में सीखे कौशलों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कंप्यूटर विभागाध्यक्ष प्रो. रणदीप ने कहा कि विषयगत ज्ञान के साथ व्यक्तित्व विकास और व्यवहारिक कौशल विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। इन कौशलों को विकसित कर विद्यार्थी उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में मिलने वाले अवसरों के लिए खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकते हैं।



