Yamunanagar News | अमरपुरी कॉलोनी को नियमित कराने की कवायद : मेयर ने सुनीं समस्याएं | विकास कार्यों का दिया आश्वासन

मेयर सुमन बहमनी ने पार्षद विक्रम राणा के साथ वार्ड नंबर 20 की अमरपुरी कॉलोनी का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। नगर निगम और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों ने पानी निकासी, सफाई, सीवरेज, गलियों व नालियों के निर्माण और स्टॉर्म वाटर लाइन से जुड़ी समस्याएं रखीं। कॉलोनी को नियमित कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि अमरपुरी कॉलोनी अभी अनअप्रूव्ड है। इसके कारण यहां नियमित कॉलोनियों की तरह नगर निगम के माध्यम से सभी विकास कार्य करवाने में नियमों से जुड़ी बाधाएं हैं। उन्होंने कहा कि अमरपुरी समेत विभिन्न अनअप्रूव्ड कॉलोनियों को नियमित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मेयर ने कहा कि अमरपुरी कॉलोनी के नियमित होने के बाद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा। नगर निगम शहर के सभी क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है और जहां नियमों के तहत विकास कार्य संभव हैं, वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार रह रहे हैं। लोगों ने सीवरेज, पक्की गलियों, नालियों, पानी निकासी और स्टॉर्म वाटर लाइन की आवश्यकता बताते हुए नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की। उनका कहना था कि कॉलोनी नियमित होने से क्षेत्र का योजनाबद्ध तरीके से विकास हो सकेगा।
दौरे के दौरान मेयर ने पानी निकासी, सफाई और सीवरेज से संबंधित समस्याओं पर अधिकारियों से मौके पर जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेयर के अनुसार कॉलोनी के नियमितीकरण से संबंधित प्रक्रिया भी नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।
पार्षद विक्रम राणा ने भी स्थानीय लोगों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और इनके जल्द समाधान की मांग की। इस दौरान नगर निगम के सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



