Yamunanagar News | DAV कॉलेज में छात्राओं के लिए नेत्र जांच शिविर : 57 छात्राओं की आंखों की जांच

डी.ए.वी. कॉलेज फॉर गर्ल्ज, यमुनानगर में वूमेन स्टडी सेंटर और फैशन डिजाइनिंग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध नेत्र जांच विशेषज्ञ डॉ. इंदू कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. सुरिंद्र कौर ने की। कार्यक्रम का संचालन वूमेन स्टडी सेंटर की कनवीनर डॉ. मोनिका शर्मा एवं फैशन डिजाइनिंग विभागाध्यक्ष श्रीमती मनजीत कौर ने किया।
शिविर के दौरान छात्राओं की आंखों की जांच की गई और उन्हें आंखों को स्वस्थ रखने से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं निर्देश दिए गए। डॉ. इंदू कपूर ने कहा कि आज के मोबाइल युग में युवा पीढ़ी भी आंखों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही है। मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच आंखों की सेहत का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आंखों की समस्या होने पर विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार सही चश्मे और लेंस का प्रयोग किया जा सकता है। इसके अलावा खान-पान और रहन-सहन में सावधानी बरतकर भी आंखों को कमजोर होने से बचाने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को आंखों की नियमित देखभाल और किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने के लिए जागरूक किया।

शिविर में कुल 57 छात्राओं ने अपनी आंखों की जांच करवाई और विशेषज्ञ से आवश्यक निर्देश प्राप्त किए। इस दौरान छात्राओं को आंखों की सेहत से संबंधित जरूरी जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. दीपिका घई, श्रीमती प्रिया, श्रीमती सोनिया शर्मा, श्रीमती निधि छाबड़ा, कुमारी साक्षी, श्रीमती परवीन कुमारी, आदिति आदि ने सहयोग किया। शिविर के माध्यम से छात्राओं को आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई।
Editor: सचिन शर्मा



