Yamunanagar News | गन्ने का रेट बढ़ना जरूरी, बुवाई से पहले हो तय : कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा | धान खरीद में किसानों को परेशानी नहीं होने का दावा

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों की गन्ने के रेट बढ़ाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि गन्ने का भाव बढ़ाया जाना जरूरी है, ताकि किसान गन्ने की खेती से दूर न हों। उन्होंने कहा कि गन्ने की बुवाई शुरू होने से पहले ही उसका रेट तय हो जाना चाहिए। संभव हो तो दो-तीन साल के रेट पहले ही घोषित कर दिए जाएं, जिससे किसानों को खेती की योजना बनाने में पहले से निश्चितता रहे।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने यह बात रादौर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती में किसानों को पहले से यह जानकारी होनी चाहिए कि उन्हें फसल का क्या भाव मिलेगा। उनके अनुसार इससे किसान बेहतर तरीके से अपनी खेती की योजना बना सकेंगे।

15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने की किसानों की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान धान लेकर मंडी में आएंगे तो उसकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मंत्री के अनुसार ट्रॉली की फोटो लेकर बाद में उसे पोर्टल पर भी दर्ज किया जा सकेगा।
पशुओं में लम्पी स्किन डिजीज के संबंध में मंत्री ने बताया कि बीमारी से संबंधित सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, लेकिन अभी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पशुओं के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।

मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान को लेकर प्रदेश और जिला स्तर पर बैठकों के बाद अब मंडल स्तर पर भी बैठकें की जा रही हैं। इसके बाद शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को अभियान की जानकारी दी जाएगी।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से अभियान की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई और संगठन के स्तर पर इसकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। मंत्री ने कहा कि अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं तक आवश्यक जानकारी पहुंचाई जाएगी।
Editor: गरिमा बागोतिया



