Yamunanagar News | चोरी के ट्रैक्टर समेत दो आरोपी गिरफ्तार : चोरी की बाइक भी बरामद | न्यायिक हिरासत में भेजे

एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान चोरी के ट्रैक्टर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बाइक भी बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव उन्हेड़ी निवासी विशाल राणा और गांव नागल खजूरी निवासी सुनील उर्फ सोनू के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि दो युवक चोरी का ट्रैक्टर लेकर कलानौर के रास्ते उत्तर प्रदेश की तरफ जा सकते हैं।
एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल के इंचार्ज राजेश कुमार के अनुसार सूचना मिलने के बाद एएसआई रणधीर सिंह, संदीप, नरेश और योगेश की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद ट्रैक्टर पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोककर जांच की तो ट्रैक्टर चोरी का पाया गया। इसके बाद दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद ट्रैक्टर 25 और 26 अगस्त की रात गांव उन्हेड़ी फार्म से चोरी होने की शिकायत दर्ज थी। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान विशाल राणा और सुनील उर्फ सोनू के रूप में की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से चोरी की एक बाइक भी बरामद हुई। यह बाइक 19 अगस्त को सिविल अस्पताल यमुनानगर से चोरी होने की शिकायत दर्ज थी। पुलिस अब दोनों मामलों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी विशाल राणा के खिलाफ पहले भी चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है।



