अटेली | जनसेवा ही राजनीति का उद्देश्य : आरती सिंह राव | बोचड़िया, हसनपुर व सलीमपुर को 3.13 करोड़ की विकास सौगात | 400 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 16 नए सब-डिवीजनल अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस सेवा शुरू करने की घोषणा की।

अटेली । हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अपने विधानसभा क्षेत्र अटेली के धन्यवादी दौरे के तहत ग्राम पंचायत बोचड़िया हसनपुर एवं सलीमपुर में लगभग 3.13 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने दोनों गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। दौरे के दौरान उन्होंने बोचड़िया हसनपुर ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अटेली विधानसभा का कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहेगा और प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। 
उन्होंने बताया कि बोचड़िया हसनपुर में एसएफसी, एचआरडीएफ, डीक्यू ग्रांट, एफएफसी तथा खेत-खलिहान योजना के तहत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से संपर्क मार्ग, फिरनी, चौपाल, चारदीवारी, गेट, बीपीएल कॉलोनी की गलियां, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल लाइन, स्वागत द्वार तथा 53.44 लाख रुपये की लागत से खेत-खलिहान सड़क सहित अनेक विकास कार्य पूरे किए गए हैं। वहीं सलीमपुर में लगभग 1 करोड़ 67 लाख 54 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण, बीसी एवं एससी चौपाल, पुस्तकालय फर्नीचर, खेल मैदान की चारदीवारी, टीनशेड, पेयजल टंकी तथा 56.84 लाख रुपये की लागत से दो किलोमीटर सड़क निर्माण सहित अनेक कार्य पूर्ण किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक बदलाव ला रही है। प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनते ही पूरे प्रदेश में फ्री डायलिसिस की सुविधा शुरू कर दी थी और अब इस योजना का विस्तार करते हुए कनीना सहित 16 नए सब-डिवीजनल अस्पतालों में भी नि:शुल्क डायलिसिस सेवा प्रारंभ की जा रही है, जिससे हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा। 
उन्होंने बताया कि अटेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में माता एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए मेदांता अस्पताल के साथ महत्वपूर्ण एमओयू किया गया है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को मेदांता के विशेषज्ञ चिकित्सक नियमित स्वास्थ्य निगरानी और परामर्श दिया जाएगा।
आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आम नागरिकों को निजी अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर एवं सस्ती चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा, "मैं राजनीति में राज करने नहीं, बल्कि सेवा करने आई हूं। पिछले डेढ़ वर्ष में विधायक और अब स्वास्थ्य मंत्री के रूप में जनता की सेवा ही मेरी प्राथमिकता रही है। हमारा लक्ष्य सरकारी अस्पतालों को निजी अस्पतालों के समान आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है, ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति को भी गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।" 
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों में और तेजी आएगी तथा अटेली विधानसभा विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
दौरे के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अटेली स्थित अपने कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के 400 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात: नए उप स्वास्थ्य केंद्रों और पीएचसी अपग्रेड की घोषणा पर ग्राम पंचायतों ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का जताया आभार
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का व्यापक स्वागत हो रहा है। गांव सेका, भड़फ, छापड़ा सलीमपुर और चंदपुरा में नए उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाने तथा भड़फ और रामबास (ढाणा) के उप स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के रूप में अपग्रेड किए जाने की घोषणा पर संबंधित ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
ग्राम पंचायतों ने कहा कि यह निर्णय ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा। अब लोगों को प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही बेहतर ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और आमजन का समय व धन दोनों बचेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव लगातार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए अटेली क्षेत्र को विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की नई पहचान दिला रही हैं। पंचायतों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आने वाले समय में भी क्षेत्र में जनहित के ऐसे अनेक विकास कार्य गति पकड़ेंगे।
गांव सलीमपुर में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का हुआ भव्य स्वागत, भेंट में मिला चांदी का मुकुट गोशाला को किया समर्पित
गांव सलीमपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का चांदी का मुकुट भेंट कर सम्मान किया। मंत्री ने इस सम्मान को विनम्रता से स्वीकार करते हुए मुकुट को स्वयं रखने के बजाय जनहित और गौसेवा की भावना से तत्काल गांव की गोशाला को दान कर दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता का स्नेह और सम्मान उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है तथा समाज और गौसेवा के कार्यों में योगदान देना उनका दायित्व है। उनके इस निर्णय की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे सेवा, सादगी और समाज के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया।
इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश यादव, नारनौल एसडीएम अनिरुद्ध यादव, कनीना एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक कुमार, जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेन्द्र राव, मार्केट कमेटी चेयरमैन दिनेश जेलदार, नगरपालिका चेयरमैन संजय गोयल, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, पंचायत समिति चेयरमैन राजेन्द्र प्रसाद, कुलदीप बोचड़िया, भाजपा नेता धीरज यादव, विक्रम सरपंच, कृष्ण कुमार बोचड़िया, बोचड़िया हसनपुर के सरपंच शेरसिंह, सलीमपुर की सरपंच आरती यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



