नारनौल | सहकारिता से महिलाओं और किसानों को मिलेगी नई मजबूती : जिला स्तरीय सहकारिता विचार गोष्ठी आयोजित | उत्कृष्ट महिला सहकारी समितियां सम्मानित
नारनौल में सहकारिता विभाग की गोष्ठी में ओम प्रकाश यादव ने महिलाओं के सशक्तिकरण और सहकारिता के महत्व पर जोर दिया।

नारनौल। हरकोफेड (सहकारिता विभाग, हरियाणा) की ओर से सैनी धर्मशाला, नारनौल में जिला स्तरीय सहकारिता विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पवारिया तथा डीएमसी रणबीर सिंह उपस्थित रहे। गोष्ठी में जिलेभर से लगभग 500 सहकार बंधुओं, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया।
विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण विकास, किसानों की आर्थिक उन्नति और महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सहकारी संस्थाओं से पारदर्शिता, जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। 
महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि "एक सबके लिए और सब एक के लिए" की भावना पर आधारित जन-आंदोलन है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक सशक्तिकरण पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
हरकोफेड के प्रचार अधिकारी सौरव अत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में सहकारिता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हरियाणा के सभी 23 जिलों में जिला स्तरीय सहकारिता विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत नारनौल से की गई है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के स्वतंत्र मंत्रालय के रूप में पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर "सहकार से समृद्धि" अभियान के तहत देशभर में कई ऐतिहासिक पहल की गई हैं, जिनसे सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और गति मिली है।
कार्यक्रम के दौरान जिले में नव-पंजीकृत पांच मुख्यमंत्री पैक्स (PACS) को पंजीकरण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सहकारी समितियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर सहायक रजिस्ट्रार (एआरसीएस) नरेश दहिया, डीएम हाफेड परवीन भारद्वाज, लेबरफेड प्रबंधक रामकरण ढाका, वीटा चिलिंग प्लांट प्रबंधक उदयभान, डीपीसीएआरडीबी के सीईओ दर्शन कौशिक, हरकोफेड के एसीईओ देवेंद्र सिवाच, ऋषि श्योकंद सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं के अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



