रेवाड़ी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का होगा जोरदार स्वागत : 19.43 करोड़ की चार पीएचसी का शिलान्यास | विधायक अनिल यादव ने किया तैयारियों का निरीक्षण
गुडियानी और कोसली में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का जोरदार स्वागत किया जाएगा। विधायक अनिल यादव ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

रेवाड़ी। विधायक अनिल यादव ने कहा कि 10 जुलाई को हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के कोसली विधानसभा दौरे पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने गुडियानी पीएचसी और कोसली में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए दोनों स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री सुबह 9:30 बजे गांव गुडियानी से गुडियानी, रतनथल, जाटूसाना और लीलोढ़ में लगभग 19 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवनों का शिलान्यास करेंगी। उन्होंने कहा कि इन नए भवनों के निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने नजदीक उपलब्ध होंगी। 
उन्होंने बताया कि इसके बाद सुबह 10:30 बजे स्वास्थ्य मंत्री कोसली न्यायिक परिसर में निर्मित पार्किंग और टीन शेड का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर बार एसोसिएशन की ओर से उनका अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
विधायक अनिल यादव ने पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का कोसली क्षेत्र से विशेष लगाव है और दोनों के मार्गदर्शन में विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर नाहड़ ब्लॉक समिति के चेयरमैन दुष्यंत सिंह, जिला पार्षद जीवन हितैषी, सरपंच रामकिशन जांगड़ा, सरपंच नरेंद्र, मंडल अध्यक्ष अनूप नागेश, कोसली बार एसोसिएशन के प्रधान जयकिशन ढिल्लो, विनय कुमार यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।



