Ateli News | अशोक दास नारनौलिया को फिर मिली जिम्मेदारी : बसपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बने | संगठन मजबूत करने पर जोर

बहुजन समाज पार्टी ने अशोक दास नारनौलिया को दोबारा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी है। जिम्मेदारी मिलने पर अशोक दास नारनौलिया ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व दिया गया है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
अशोक दास नारनौलिया ने बसपा प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर रामजी गौतम और प्रदेश प्रभारी सीपी सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर दोबारा विश्वास जताया है और वह संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी गरीब, मजदूर, वंचित और कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।
अशोक दास नारनौलिया ने बसपा सुप्रीमो एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के राजनीतिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने गरीब, मजदूर और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि बहुजन समाज पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी और सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
नारनौलिया ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में वह संगठन की ओर से मिलने वाली जिम्मेदारियों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेंगे। साथ ही पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखेंगे।



