अटेली | राजकीय महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स का जलवा, एटीसी शिविर में जीते गोल्ड और सिल्वर मेडल

राजकीय महाविद्यालय अटेली के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स ने आरपीएस महाविद्यालय बलाना में 6 से 15 जुलाई तक आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-169) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई गोल्ड और सिल्वर मेडल अपने नाम किए। खेल, सांस्कृतिक और तकनीकी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कैडेट्स ने महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
शिविर में सीनियर अंडर ऑफिसर कपिल ने वॉलीबॉल में सिल्वर, अंडर ऑफिसर अंकित ने खो-खो में गोल्ड, कैडेट रवि कुमार ने वॉलीबॉल में गोल्ड तथा कुणाल ने खो-खो में गोल्ड मेडल जीता। ऋतिक मीणा ने वॉलीबॉल में सिल्वर और डांस में गोल्ड, जबकि दीपक ने टग ऑफ वॉर में गोल्ड तथा उमेश और विपिन ने सिल्वर मेडल हासिल किए।
इसके अलावा प्रिंस ने ऐप डेवलपमेंट, योगेश ने फायरिंग, हितेश ने कविता पाठ तथा मयंक और अंशुल ने खो-खो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीते। केशव ने खो-खो में सिल्वर और दीपांशु ने पेंटिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
छात्राओं में भावना ने फायरिंग और पायलटिंग में सिल्वर, दीक्षा और शीतल ने खो-खो में गोल्ड तथा निधि ने स्किपिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार सैनी ने सभी विजेता कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करती है। उन्होंने कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. नीरज चौहान, प्रो. सतपाल, प्रो. राजेश, एनसीसी क्लर्क दिलावर सिंह सहित महाविद्यालय के स्टाफ ने भी सभी विजेता कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं।



