महेंद्रगढ़ | अप्रैल से अब तक 117 आरोपी गिरफ्तार : पारदी गैंग का पर्दाफाश | नशा-हथियार तस्करों पर शिकंजा | 53 पीओ और बेल जंपर भी पकड़े
महेंद्रगढ़ पुलिस ने अप्रैल 2026 से अब तक 117 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अवैध नशीले पदार्थ, अवैध शराब और हथियारों से संबंधित मामले शामिल हैं।

महेंद्रगढ़। पुलिस ने वर्ष 2026 में 1 अप्रैल से अब तक अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 117 आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थ, अवैध शराब, अवैध हथियार, हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में कार्रवाई करते हुए 53 उद्घोषित अपराधियों (पीओ) एवं बेल जंपर को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए गए अभियान के तहत एनडीपीएस अधिनियम के 24 मामलों में 49 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 17 किलोग्राम 294 ग्राम गांजा, 9 ग्राम 840 मिलीग्राम स्मैक, 115 किलोग्राम 140 ग्राम चूरापोस्त (भुक्की), 67 ग्राम अफीम, 184 ग्राम 110 मिलीग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा 2,436 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
आबकारी अधिनियम के तहत 23 मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1124.25 बोतल अवैध शराब, 174.5 बोतल अंग्रेजी शराब, 68.5 बोतल बीयर, 8 लीटर 250 मिलीलीटर कच्ची शराब तथा 30 लीटर 200 मिलीलीटर लाहन बरामद किया गया। वहीं शस्त्र अधिनियम के 10 मामलों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 देसी कट्टे, 6 देसी पिस्टल, 16 कारतूस, एक तलवार और एक जेली (विस्फोटक पदार्थ) बरामद की गई। जुआ अधिनियम के तहत सात मामलों में 28 आरोपियों से ₹63,790 की नकद राशि बरामद की गई।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने बहुचर्चित मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के घर में चोरी का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय पारदी गैंग के सात सदस्यों को भी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि गैंग ने महेंद्रगढ़ और नारनौल क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को भी अंजाम दिया था। इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में हत्या, लूट, चोरी और गृहभेदन के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने 1 अप्रैल से अब तक न्यायालय द्वारा घोषित 52 उद्घोषित अपराधियों और एक बेल जंपर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। इस अवधि में हत्या के सभी 11 तथा हत्या के प्रयास के सभी 7 मामलों का 100 प्रतिशत निस्तारण करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। महिलाओं से जुड़े सभी मामलों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
संपत्ति चोरी के मामलों में पुलिस ने लगभग 40 प्रतिशत चोरीशुदा संपत्ति बरामद की, जबकि मोटर वाहन चोरी के मामलों में 84 प्रतिशत वाहनों की बरामदगी कर पीड़ितों को वापस सौंपा गया। अपराध नियंत्रण के लिए जिलेभर में विशेष सर्च अभियान चलाकर अवैध शराब, नशे के कारोबार, अवैध हथियार रखने वालों और फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक दीपक ने आमजन से अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



