महेंद्रगढ़ | वरिष्ठ पत्रकार सुरेश लावणिया को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि : जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन | परिवार को बंधाया ढांढस
महेंद्रगढ़ में वरिष्ठ पत्रकार सुरेश जी लावणिया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके योगदान को याद किया गया और परिवार को सहारा दिया गया।

महेंद्रगढ़। वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय सुरेश जी लावणिया के आकस्मिक निधन पर उनके निवास पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का लगातार तांता लगा रहा। विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने पहुंचकर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, जिला गौड़ ब्राह्मण सभा नारनौल के प्रधान राकेश महता, हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के भाई देवेंद्र यादव, बलवान फौजी, पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक, वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र यादव, बसंत सेठ, विनोद (पेट्रोल पंप), एडवोकेट मदन सिंह शेखावत, भाई राम सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वर्गीय सुरेश जी लावणिया ने अपनी निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के माध्यम से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई। उनका सरल, सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से पत्रकारिता जगत और समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावणिया ने श्रद्धांजलि देने पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, पत्रकार साथियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों का इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने और संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए आभार प्रकट किया।



