महेंद्रगढ़ | विश्व जनसंख्या दिवस पर निम्बी में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर : गर्भवती महिलाओं, किशोरों और बुजुर्गों की हुई जांच | ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ
गांव निम्बी में विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।

महेंद्रगढ़। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर गांव निम्बी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (Legal Services Authority) नारनौल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नांगल सिरोही के एसएमओ डॉ. प्रतीक यादव के मार्गदर्शन में एक विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में गर्भवती महिलाओं, किशोर-किशोरियों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर), हीमोग्लोबिन (एचबी) सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। चिकित्सकों ने जरूरतमंद मरीजों को उचित उपचार, दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया।
शिविर में विशेष रूप से डॉ. विश्व शक्ति एवं उनकी आरबीएसके (RBSK) टीम ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इसके अलावा शमशेर एडवोकेट, सुमित्रा (पीएनबी बैंक), सुनीता अनमोल, सोनू एमपीएचडब्ल्यू, विशेष निरीक्षण टीम के अन्य सदस्य तथा क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।
आयोजकों ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य जनसंख्या संबंधी जागरूकता के साथ-साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया तथा इस पहल की सराहना की।



