Narnaul News | 376 पेटी अवैध शराब बरामद : कैंटर सहित दो आरोपी गिरफ्तार | गुजरात ले जाने की थी तैयारी

महेंद्रगढ़ पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 376 पेटी शराब से भरा कैंटर पकड़ा है। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने कैंटर चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल कैंटर को भी कब्जे में लिया है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम जाट गुवाना टोल क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर एक संदिग्ध कैंटर को रोककर जांच की गई। पुलिस के अनुसार कैंटर में सवार लोगों की पहचान राजस्थान के देवगढ़ थाना क्षेत्र के ताल निवासी संतोष और गाजुना निवासी स्वर्ण के रूप में हुई।
कैंटर की तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 376 पेटी शराब मिली। पुलिस के मुताबिक वाहन में साइकिल के डिब्बों के पीछे शराब की पेटियां रखी गई थीं। दोनों आरोपियों से शराब से संबंधित वैध लाइसेंस और परमिट मांगा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
पुलिस ने शराब और कैंटर को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना सदर नारनौल में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।
डीएसपी भारत भूषण के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में शराब को 152-डी के रास्ते गुजरात ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अवैध शराब या नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से संबंधित जानकारी नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर देने की अपील की है।
Editor: शिवानी राजपूत



