Narnaul News | 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित : बाल विवाह के उन्मूलन पर रहेगा जोर | राजेश राज गोयल ने सराहा फैसला

संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवंबर को बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किए जाने के फैसले का बाल कल्याण समिति, जिला महेंद्रगढ़ के चेयरपर्सन राजेश राज गोयल ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे बाल विवाह के खिलाफ वैश्विक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
राजेश राज गोयल ने कहा कि भारत सरकार ने भी 27 नवंबर को 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान की शुरुआत की थी। ऐसे में संयुक्त राष्ट्र के इस निर्णय का भारत के अभियान के संदर्भ में विशेष महत्व है। उन्होंने इसे भारत के लिए कूटनीतिक एवं सामाजिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है और इससे उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। बाल विवाह को समाप्त करने के लिए कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ समाज में जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है।
गोयल ने कहा कि परिवार, समाज, प्रशासन और सामाजिक संगठनों को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा। अभिभावकों को बच्चों की कम उम्र में शादी करने के बजाय उनकी शिक्षा और सुरक्षित भविष्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बचपन और उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष दिवस घोषित होने से बाल विवाह के खिलाफ चल रहे अभियानों को और मजबूती मिलेगी।
Editor: शिवानी राजपूत



