Narnaul News | वायु प्रदूषण रोकने को चलेगा विशेष अभियान : सितंबर से मार्च तक जागरूकता | हर वार्ड में कचरा पृथक्करण पर जोर

जिले में वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बुधवार को लघु सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुरूप उन्होंने सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक लागू होने वाली आईईसी कार्ययोजना को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी विभागों के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को औद्योगिक प्रदूषण, डीजल जनरेटर सेट, सड़क की धूल, निर्माण एवं विध्वंस गतिविधियों, कचरा और बायोमास जलाने तथा वाहन प्रदूषण सहित प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीसी ने अधिकारियों को हर महीने कम से कम एक कार्यशाला या जन-जागरूकता अभियान आयोजित करने को कहा। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को वायु प्रदूषण के कारणों और इसकी रोकथाम के लिए अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
वाहन प्रदूषण को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को हर महीने कम से कम 250 वाहन चालकों से सीधे संपर्क करने का लक्ष्य दिया गया है। वाहन चालकों को प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) और स्वच्छ ईंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नगर परिषद क्षेत्र में कचरा पृथक्करण को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में तिमाही आधार पर विशेष सफाई अभियान आयोजित कर लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निकाय, परिवहन और कृषि विभाग के साथ औद्योगिक संगठनों, बाजार संघों, किसान संगठनों तथा आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी से प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण कुमार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ अनुज नरवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



