नांगल चौधरी | समाधान शिविर में पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने सुनी समस्याएं : 20 मामलों का मौके पर हुआ समाधान
हरियाणा सरकार ने नांगल चौधरी में समाधान शिविर आयोजित किया, जहां 20 समस्याओं का समाधान किया गया।

नांगल चौधरी। हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से एसडीएम उदय सिंह की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (पीपीपी) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने विशेष रूप से पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया।
डॉ. सतीश खोला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले और उसकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने शिविर में आए लाभार्थियों से संवाद कर विभिन्न योजनाओं के संबंध में उनकी राय भी जानी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का उनके घर के नजदीक ही पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में त्रुटि सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आय प्रमाण पत्र, नए राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन मैपिंग तथा अन्य प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। डॉ. सतीश खोला ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर 20 नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। इससे लाभार्थियों ने हरियाणा सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
डॉ. खोला ने कहा कि समाधान शिविर सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



