नारनौल | बंद पड़े स्टोन क्रेशर में मजदूर का शव मिलने से सनसनी : हत्या का आरोप लगाकर शव उठाने से अड़े परिजन
नांगल चौधरी में युवक का शव श्री गणेश स्टोन क्रेशर में मिला। परिजन हत्या की मांग कर रहे हैं।

नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव खातौली अहीर स्थित श्री गणेश स्टोन क्रेशर में उत्तर प्रदेश निवासी 47 वर्षीय मजदूर बाबूराम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का शव क्रेशर के कन्वेयर सिस्टम के होद में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही निजामपुर थाना पुलिस, एफएसएल टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उधर, परिजनों और प्रवासी मजदूरों ने हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा किया और शव को उठाने से इनकार कर दिया।

मृतक बाबूराम उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और लंबे समय से क्षेत्र में मजदूरी कर रहा था। परिजनों के अनुसार बाबूराम गुरुवार शाम से लापता था। उसकी तलाश के दौरान जब क्रेशर संचालकों से संपर्क किया गया तो बताया गया कि वह वहां नहीं आया। बाद में अन्य मजदूरों से सूचना मिली कि उसका शव श्री गणेश स्टोन क्रेशर के कन्वेयर सिस्टम के होद में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां शव देखकर कोहराम मच गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद परिजनों और साथ काम करने वाले प्रवासी मजदूरों ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि बाबूराम को क्रेशर संचालकों ने ही बुलाया था और बाद में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका कहना है कि यह सामान्य हादसा नहीं हो सकता, इसलिए हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

'क्रेशर महीनों से बंद, फिर हादसा कैसे?'
गांव खातौली अहीर निवासी वेद प्रकाश शर्मा ने दावा किया कि संबंधित स्टोन क्रेशर पिछले 10 से 12 महीनों से बंद पड़ा है। उनके अनुसार बिजली का लाखों रुपये का बकाया होने के कारण यहां बिजली आपूर्ति भी नहीं है। ऐसे में करंट लगने से मौत की संभावना पर उन्होंने सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शव उठाने से रोका, इंसाफ की मांग पर अड़े लोग
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग, प्रवासी मजदूर और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं होगा और निष्पक्ष जांच का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक शव को मौके से नहीं उठाने दिया जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
डीएसपी और सीआईए प्रभारी पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी भारत भूषण, सीआईए प्रभारी संदीप सिंह सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, लेकिन देर तक लोग अपनी मांग पर अड़े रहे।
एफएसएल टीम जुटी साक्ष्य जुटाने में
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
थाना प्रभारी बोले—शव बाहर आए बिना आगे की कार्रवाई संभव नहीं
निजामपुर थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि पुलिस को देर रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि श्री गणेश स्टोन क्रेशर के होद में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेना चाहती है, लेकिन परिजन और ग्रामीण शव को बाहर नहीं निकालने दे रहे हैं। ऐसे में कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम तथा वैज्ञानिक जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।



