नांगल चौधरी | 70 किलो 300 ग्राम चूरापोस्त बरामद : सीआईए ने पंजाब के दो तस्करों को दबोचा
महेंद्रगढ़ में सीआईए ने 70 किलो 300 ग्राम चूरापोस्त के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

नांगल चौधरी | नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 किलो 300 ग्राम चूरापोस्त से भरे एक ट्रक को पकड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और ट्रक को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना नांगल चौधरी क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रशपाल और गुरुबाज निवासी गांव महस, थाना नाभा, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 किलो 300 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नांगल चौधरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद चूरापोस्त और ट्रक को नियमानुसार कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से रिमांड लेकर यह पता लगाया जाएगा कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



