नांगल चौधरी | हिस्ट्रीशीटर अवैध पिस्टल व 10 कारतूस सहित गिरफ्तार : बिना नंबर प्लेट स्कॉर्पियो भी बरामद | आरोपी पर पहले से 13 मामले दर्ज
नांगल चौधरी में सीआईए नारनौल ने एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध हथियार और स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

नांगल चौधरी। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए नारनौल की टीम ने एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 10 जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित निवासी गांव मोहनपुर, थाना नांगल चौधरी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसकी तलाशी ली, जिसमें अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर अपने कब्जे में ले ली। इस संबंध में थाना नांगल चौधरी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आए और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध हथियार, संदिग्ध गतिविधियों या किसी भी प्रकार की आपराधिक जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।



