सूरजगढ़। भामाशाह की पहल से उरीका में बन रहा रिचार्ज तालाब : जल संरक्षण को मिलेगी नई दिशा
उरीका में जल संरक्षण के लिए भामाशाह की पहल से रिचार्ज तालाब का निर्माण किया जा रहा है, जो भूजल स्तर को सुधारने में मदद करेगा।

सूरजगढ़। गांव उरीका में जल संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत भामाशाह के सहयोग से 400×135 फीट आकार और लगभग 2 मीटर गहराई वाली मोढ़ाणी जोहड़ी (रिचार्ज तालाब) का निर्माण कराया जा रहा है। वर्तमान में तालाब की खुदाई का कार्य तेजी से जारी है।
सरपंच प्रतिनिधि बलबीर सिंह शेखावत ने बताया कि यह रिचार्ज तालाब वर्षा जल के संचयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके निर्माण से क्षेत्र के भूजल स्तर में सुधार होने की उम्मीद है, जिससे भविष्य में जल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए इस प्रकार की पहल समय की जरूरत है और समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे जनहित कार्यों में आगे आना चाहिए। 
उन्होंने बताया कि तालाब बनने के बाद गांव के आवारा पशुओं, पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी वर्षभर पेयजल का स्थायी स्रोत उपलब्ध होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बलबीर सिंह शेखावत ने भामाशाह की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से किए जाने वाले ऐसे कार्य ग्रामीण विकास और जल संरक्षण अभियान को नई मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह रिचार्ज तालाब आने वाले वर्षों में क्षेत्र के लिए एक आदर्श मॉडल साबित होगा।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से मांग की है कि भविष्य में इस तालाब का पक्कीकरण कराया जाए, ताकि इसकी उपयोगिता और आयु दोनों बढ़ सकें। ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से न केवल वर्षा जल का बेहतर संरक्षण होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा।



