रेवाड़ी | ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन : विशेष अभियान में 616 वाहन चालकों के चालान | ड्रिंक एंड ड्राइव, लेन चेंज व बुलेट पटाखों पर सख्ती
रेवाड़ी पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया, जिसमें 616 चालकों पर कार्रवाई की गई।

रेवाड़ी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं हाईवे (हरियाणा) के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में जिला रेवाड़ी पुलिस ने 6 जुलाई से 12 जुलाई तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज डीजे एवं प्रेशर हॉर्न, लेन चेंज नियमों की अवहेलना तथा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़कर स्टंटबाजी करने वाले कुल 616 वाहन चालकों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले सात वाहन चालकों के चालान किए गए। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत यह दंडनीय अपराध है। 
उन्होंने बताया कि तेज डीजे एवं प्रेशर हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़कर स्टंट करने वाले दो वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने ऐसे वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल चालान किए जा रहे हैं, लेकिन भविष्य में इस प्रकार की हरकत करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
विशेष अभियान के दौरान लेन चेंज नियमों का उल्लंघन करने वाले सबसे अधिक 607 वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस ने कहा कि लेन अनुशासन की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है, इसलिए इस प्रकार के उल्लंघनों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहनों पर ब्लैक फिल्म का प्रयोग न करें तथा ध्वनि प्रदूषण फैलाने और बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे छोड़ने जैसी गतिविधियों से बचें। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी पुलिस सुरक्षित, अनुशासित और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाती रहेगी।



