नूंह। नहर के पानी को लेकर विवाद के बाद किसान की संदिग्ध मौत : बेटे ने जताया हत्या का शक
नूंह जिले के नौसेरा गांव में नहर के पानी के विवाद के बाद एक किसान की संदिग्ध मौत हो गई है। मृतक के बेटे ने हत्या का संदेह जाहिर किया।

नूंह। जिले के नौसेरा गांव में नहर के पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक किसान की संदिग्ध मौत पर जाकर खत्म हुआ। किसान की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम की मांग की है।
मृतक की पहचान जैकम के रूप में हुई है। मृतक के बेटे मौसम ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता खेतों में सिंचाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी मज्जी ने बिना पूछे अपने खेत की ओर जाने वाली नहर की टी (पानी का रास्ता) खोल दी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायत के अनुसार उस समय मज्जी के बेटे रोबिन, अकबर और इमरान भी मौके पर मौजूद थे। 
कुछ देर बाद गांव के उमेर और इकबाल को सूचना मिली कि जैकम नाली में गिरे पड़े हैं। उन्हें तुरंत नूंह के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। अजीम अस्पताल में ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे मौसम ने अपने पिता की मौत पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए अलग से शिकायत दी जाएगी। 
उधर, पुलिस का कहना है कि 9 जुलाई को संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर टीम मौके और सीएचसी नूंह पहुंची थी, लेकिन उस समय कोई परिजन या शिकायतकर्ता मौजूद नहीं मिला। शुक्रवार को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



