नूंह | हाइड्रोजन गैस सिलेंडर में धमाका : गुब्बारे बेचने वाले फेरीवाले की मौके पर मौत | बच्चों में मची चीख-पुकार | पुलिस जांच में जुटी
नूंह में गुब्बारे में गैस भरते समय हाइड्रोजन सिलेंडर के फटने से फेरी वाले मुस्ताक की मौत हो गई। बच्चों में मची चीख-पुकार।

नूंह | जिले के पुनहाना खंड के गांव जमालगढ़ में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गुब्बारों में गैस भरते समय अचानक हाइड्रोजन गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि गुब्बारे बेच रहे 40 वर्षीय फेरी वाले मुस्ताक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि वहां मौजूद बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान मुस्ताक निवासी गांव मामलिका, थाना पिनगवां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब चार वर्षों से साइकिल पर गांव-गांव घूमकर हाइड्रोजन गैस वाले गुब्बारे बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मुस्ताक गांव जमालगढ़ में बच्चों को गुब्बारे बेच रहा था। जैसे ही उसने गुब्बारे में गैस भरनी शुरू की, अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे में मुस्ताक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वहां मौजूद कुछ बच्चों को भी चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि मुस्ताक छह बेटियों का पिता था। करीब दो महीने पहले ही उसने अपनी एक बेटी की शादी की थी। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य अचानक इस हादसे का शिकार हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुनहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भिजवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडर में धमाका किन कारणों से हुआ।



