नूंह | कीचड़ और जलभराव के बीच निकली श्री अखंड रामायण की कलश यात्रा : ग्रामीणों ने पंचायत को घेरा | सरपंच बोले-जल्द होगा समाधान
नूंह में श्री अखंड रामायण पाठ की कलश यात्रा के दौरान जलभराव से श्रद्धालुओं को हुई कठिनाई। पंचायत ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

नूंह। जिले के गांव आलदोका स्थित शिव मंदिर (छैंपी वाला) में 9 और 10 जुलाई को आयोजित श्री अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ गुरुवार सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश रखकर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली और धार्मिक आस्था के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
धार्मिक उत्साह के बीच गांव की बदहाल सड़कें और जलभराव लोगों की चर्चा का केंद्र बने रहे। कलश यात्रा को कई स्थानों पर कीचड़ और भरे हुए पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि गांव में लंबे समय से जल निकासी और सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना था कि धार्मिक आयोजन के दौरान भी श्रद्धालुओं को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। 
मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच बहादुर ने बताया कि गांव की फिरनी का निर्माण पिछली पंचायत के कार्यकाल में कराया गया था। उस समय सड़क के दोनों ओर जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण नहीं होने के कारण बरसात का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। लगातार जलभराव की वजह से कई स्थानों पर फिरनी का रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि समस्या उनके संज्ञान में है और जल्द ही सड़क की मरम्मत के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयोजन के अनुसार 9 जुलाई को सुबह 9 बजे श्री अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ, जबकि 10 जुलाई को सुबह 9 बजे पाठ का समापन होगा। इसके बाद हवन, भंडारा, सांस्कृतिक रागनी, भजन संध्या और अतिथियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
श्री अखंड रामायण का वाचन आचार्य विनोद पंडित (गांगोली) द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति ने आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में भाग लेने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। 



