फतेहाबाद | पूर्व सरपंच हत्याकांड में तीन आरोपी कोर्ट में पेश : पुलिस मांगेगी रिमांड
पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, पुलिस रिमांड की मांग करेगी।

फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस तीनों से गहन पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड की मांग करेगी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी विनोद गोदारा, उसके सगे भाई विक्रम गोदारा और चचेरे भाई जिले सिंह उर्फ सेठी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने हिसार जिले के लांधड़ी टोल के पास पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। अब पुलिस रिमांड के दौरान हत्या की साजिश, वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी। 
गौरतलब है कि 4 जुलाई की शाम गांव खाराखेड़ी स्थित रंगला पंजाब ढाबे पर पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और बाद में वाहन में बैठकर फरार हो गए। हमले में राजेंद्र खिलेरी के गले में एक गोली लगी, जबकि शरीर पर करीब 40 छर्रे लगे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के भतीजे सौरव की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने गांव खाराखेड़ी निवासी विनोद गोदारा, विक्रम गोदारा, जिले सिंह उर्फ सेठी, हरीश तथा निलंबित सरपंच संजय कुमार के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने ढाबे पर पहुंचते ही पूर्व सरपंच को ललकारते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। साथ ही आरोप है कि वारदात के बाद निलंबित सरपंच संजय कुमार अपनी गाड़ी में आरोपियों को मौके से लेकर फरार हो गया।
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।



