रेवाड़ी | ब्लास्ट पीड़ित परिवार से मिले विधायक लक्ष्मण सिंह यादव : हायर एजेंसी से जांच की उठाई मांग | दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा
रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मोहल्ला हंस नगर में ब्लास्ट स्थल का दौरा किया और जांच की मांग की।

रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला हंस नगर में हुए ब्लास्ट मामले को लेकर रविवार को रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, मोहल्ला वासियों और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा हादसे से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने डीएसपी पवन कुमार को भी मौके पर बुलाया और अब तक की पुलिस जांच एवं कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ब्लास्ट से प्रभावित मकान का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और गंभीर घटना है, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति है।

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने डीएसपी पवन कुमार से कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए किसी उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि केंद्र सरकार के माध्यम से विशेषज्ञ फॉरेंसिक टीम को बुलाया जाए, ताकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उनकी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पहले भी बातचीत हो चुकी है और भविष्य में भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने भरोसा दिलाया कि ब्लास्ट के कारणों का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



