सतनाली | क्षेत्र के विकास को मिले रफ्तार : वेयरहाउस, टीन शेड व पक्के रास्तों की उठी मांग
सतनाली में व्यापारियों ने नए चेयरमैन से क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।

सतनाली | हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के नवनियुक्त चेयरमैन एडवोकेट रामकिशन शर्मा के सतनाली आगमन पर हरियाणा व्यापार मंडल, इकाई सतनाली द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर व्यापारियों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को उनके समक्ष प्रमुखता से रखा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि सतनाली कृषि प्रधान क्षेत्र होने के बावजूद यहां आधुनिक वेयरहाउस की सुविधा उपलब्ध नहीं है। पर्याप्त भंडारण व्यवस्था के अभाव में किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की सतनाली में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेयरहाउस का निर्माण कराया जाए, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल सके। 
इसके अलावा अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों की सुविधा के लिए बड़े टीन शेड का निर्माण करवाने की मांग भी रखी गई। व्यापारियों का कहना था कि बरसात और तेज धूप के दौरान फसल एवं किसानों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए मंडी में पर्याप्त शेड की व्यवस्था आवश्यक है।
व्यापार मंडल ने अनाज मंडी के सभी आंतरिक रास्तों को पक्का करवाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि कच्चे एवं जर्जर रास्तों के कारण बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे किसानों, व्यापारियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
व्यापारियों ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त चेयरमैन एडवोकेट रामकिशन शर्मा सतनाली क्षेत्र की इन जनहित से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक पहल करेंगे और सरकार के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास की उम्मीद व्यक्त की।



