Faridabad News | 10 लाख की लॉटरी का झांसा देकर 4.27 लाख की ठगी : खाताधारक समेत 2 आरोपी गिरफ्तार | खाते में पहुंचे थे 49,400 रुपये

लॉटरी लगने का झांसा देकर 4 लाख 27 हजार 100 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने खाताधारक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश (34) और जीतेश (26), दोनों निवासी जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि उसने फेसबुक पर 200 रुपये की लॉटरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर एक स्कैनर भेजा गया। शिकायतकर्ता ने उस पर 200 रुपये भेज दिए। इसके बाद एक अज्ञात नंबर से उसके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लुधियाना की गांधी ब्रदर्स कंपनी से बताकर 10 लाख रुपये की लॉटरी लगने की बात कही।

पुलिस के अनुसार लॉटरी की रकम दिलाने के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन करवाकर शिकायतकर्ता से कुल 4,27,100 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इसके बाद उसे कोई रकम वापस नहीं मिली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि आरोपी प्रकाश खाताधारक है और उसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 49,400 रुपये आए थे। आरोप है कि प्रकाश ने अपना बैंक खाता आगे जीतेश को उपलब्ध कराया और जीतेश ने यह खाता साइबर ठगों तक पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार प्रकाश तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और ऑटो चलाता है, जबकि जीतेश नौवीं कक्षा तक पढ़ा है। पुलिस ने प्रकाश को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि जीतेश को आगे की पूछताछ के लिए 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Editor: गरिमा बागोतिया



