Faridabad News | स्कूल बस कंडक्टर से चाकू के बल पर लूट : दो आरोपी गिरफ्तार | मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी व अन्य सामान बरामद

फरीदाबाद के थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में स्कूल बस कंडक्टर पर चाकू से हमला कर मोबाइल फोन, नकदी, पर्स, बैग और मोटरसाइकिल लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी उर्फ बुच्चा निवासी गांव सोभा, मथुरा, हाल वजीरपुर रोड, फरीदाबाद और विष्णु निवासी गांव धरिपुरा, जिला फिरोजाबाद, हाल भारत कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शिकायतकर्ता गौरव आर्य सूर्या विहार पार्ट-2, सेक्टर-91, फरीदाबाद का रहने वाला है और DPS स्कूल सेक्टर-81 में बस कंडक्टर के पद पर कार्यरत है। 12 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे वह मोटरसाइकिल से स्कूल ड्यूटी के लिए निकला था। करीब 5:30 बजे आगरा नहर के साथ वाली सड़क पर अडोर चौक से पहले वह बाथरूम के लिए रुका।

पुलिस के मुताबिक इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने शिकायतकर्ता पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन, पर्स में रखे करीब 4 हजार रुपये, जरूरी दस्तावेज और बैग लूट लिया। बैग में चांदी का ब्रेसलेट भी रखा हुआ था। इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपी नशा करने के आदी हैं। पुलिस का कहना है कि 12 सितंबर की सुबह दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ कथित तौर पर लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े थे। इसी दौरान शिकायतकर्ता वहां रुका और आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर उसके वाहन और अन्य सामान को लूट लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद करने की बात कही है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Editor: गरिमा बागोतिया



